[ad_1]

नाहन, 04 फ़रवरी (हि.स.)। नाहन विधानसभा क्षेत्र की नावनी जमटा ग्राम पंचायत में आज सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए लोगों ने मंत्री के समक्ष कुल 113 आवेदन प्रस्तुत किए जिनमें 80 मांगे व 33 समस्याएं थी। 45 मांगों व समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को समयबद्ध निवारण के लिए अग्रेषित किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम प्रदेश के लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान घर द्वार के समीप करने का एक बेहतर माध्यम हैं जहां आम लोगों का सरकार से सीधा संवाद स्थापित होता है। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार को आम जनमानस को मिल रहा सरकारी योजनाओं के लाभ की स्टीक फीडबैक भी प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि सुदूर गांव के लोगों को जब अपने छोटे-छोटे कार्यों को करवाने के लिये जिला अथवा उपमण्डल मुख्यालयों में जाना पड़ता है, तो उनका समय और धन बर्बाद होता है। कई बार उनका काम न होने से लोगों में एक निराशा का भी माहौल उत्पन्न होता है। इन सभी पहलूओं को ध्यान में रखते हुए आम लोगों को न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की शुरूआत की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ जितेंद्र/सुनील