[ad_1]

– मुख्यमंत्री ने गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित जीएफआई टूर 2024 का आरंभ कराया
गांधीनगर, 3 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टार्टअप्स से स्पोर्ट्स तक के सेक्टर में युवा शक्ति से देश को आगे ले जाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने ‘खेले, वह खिले’ के भाव के साथ फिट इंडिया का मंत्र दिया है। ऐसे में फिटनेस, स्किल व स्केल वाले गोल्फ खेल से जुड़ी जीएफआई टूर का अहमदाबाद में विकसित भारत यात्रा के अनुरूप थीम के साथ आयोजन राइट जॉब एट राइट टाइम है। पटेल शनिवार को अहमदाबाद में केंसविले में गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया (जीएफआई) द्वारा आयोजित जीएफआई टूर 2024 के आरंभ अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पोर्ट्स को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की हिमायत की है। खेल-कूद से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ धैर्य, चपलता, एकाग्रता, स्वच्छता आदि गुणों का विकास होता है। ‘रमशे गुजरात, जीतशे गुजरात’ (खेलेगा गुजरात, जीतेगा गुजरात) के मंत्र के साथ बच्चे-बड़े सभी खेल-कूद से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2010 में खेल महाकुंभ शुरू करवा कर गुजरात को विश्व स्तर पर चमकाया है। मुख्यमंत्री ने जोड़ा कि केंसविले प्रधानमंत्री की दीर्घदृष्टि से विकसित हुए स्पोर्ट्स कल्चर तथा उसके अनुरूप इकोसिस्टम का परिणाम है।
उन्होंने व्यवसाय के साथ-साथ स्पोर्ट्स से भी गुजरात की पहचान के स्थापित होने का उल्लेख करते हुए कहा कि आज गुजरात ने स्पोर्ट्स फैसिलिटी तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास तथा स्पोर्टिंग इवेंट के आयोजन के लिए विशेष क्षमता प्राप्त कर ली है। केंसविले में गोल्फ खेल का आयोजन इसी का उत्तम उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दशकों में गुजरात में जिला स्तर पर स्पोर्ट्स सेंटर की संख्या में 8 गुना वृद्धि हुई है। आज 24 अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नारणपुरा में 22 एकड़ में फैला मल्टी यूटिलिटी स्पोर्ट्स सेंटर, 333 एकड़ में फैला सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव, दुनिया का सबसे बड़ा नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम गुजरात की स्पोर्ट्स क्षेत्र में अग्रसरता दिखाते हैं। कुछ समय पहले गुजरात द्वारा बहुत कम समय में 36वीं नेशनल गेम्स का उदाहरणीय आयोजन किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात प्रधानमंत्री के दिशादर्शन में वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करने को सज्ज बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने असंभव लगने वाले माइलस्टोन पार किए हैं। भारत ने इन्फ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन, टूरिज्म व ट्रेड, हेल्थ, हॉस्पिटलिटी, स्पोर्ट्स सहित हर क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। सरकारी योजनाओं द्वारा विकास का रथ देश के अंतिम छोर के मानव तक पहुँचा है। प्रधानमंत्री ने ग्राम पंचायत को सुशासन के लिए ग्रासरूट पिलर बताया है तथा वहाँ सरपंच संवाद का आयोजन कर कम्युनिटी एंगेजमेट का उत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने सुझाव भी दिया कि रूरल कम्युनिटी तथा लोकल गवर्निंग बॉडी के साथ कोलबरेशन कर इस खेल को कम्युनिटी एम्पावरमेंट का माध्यम भी बनाते हुए स्वच्छता, एजुकेशन एंटरप्रिन्योरशिप तथा स्पोर्ट्स पर बल दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि जब राज्य सरकार प्रधानमंत्री के ग्रीन ग्रोथ के विचार को साकार करते हुए पर्यावरणप्रिय विकास के लिए वृक्षारोपण, ग्रीन एनर्जी तथा ग्रीन मोबिलिटी की ओर प्रयासरत है; तब स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के समापन के बाद अब अमृत काल को कर्तव्य काल बनाने में योगदान दें। उल्लेखनीय है कि शिक्षा, स्वास्थ्य आदि सेवाओं को सुदृढ़ कर गाँव को गोल्फ से जोड़ने के आशय के साथ आयोजित जीएफआई टूर 2024 पच्चीस से अधिक शहरों में आयोजित होगी। शनिवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों को म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट अर्पण किए। इस अवसर पर क्यूसीआई के अध्यक्ष एवं जीएफआई टूर 2024 के ब्रैंड एम्बेसेडर अक्षय शाह, जीएफआई के संस्थापक आर्यवीर आर्य, अन्य सदस्य, आमंत्रित महानुभाव एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/प्रभात