[ad_1]

केरल की सरकारी योजनाओं, बजट एवं कार्य प्रणाली पर मुख्यमंत्री के साथ की चर्चा
रोहतक, 31 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति की टीम केरल के शैक्षणिक दौरे पर है। विधायक भारत भूषण बत्रा के नेतृत्व वाली इस टीम ने केरल के बजट सत्र के दौरान वहां की विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष से भी मुलाकात कर विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की।
केरल विधानसभा के बजट सत्र में हरियाणा विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति में शामिल विधायकों के दल ने भाग लिया, उन्होंने केरल सरकार द्वारा विभिन्न मदों में जारी किए जा रहे बजट पर भी जानकारी हासिल की। हरियाणा से गए प्रतिनिधि मंडल ने केरल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, विधानसभा अध्यक्ष ए.एन शमसीर व नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीसन से मुलाकात कर मौजूदा राजनीति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर द्वारा विधानसभा आगमन पर हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन भी किया गया। विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि हरियाणा की पहचान दूध दही के खाने से रही है, लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में बनी सरकार ने हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में विश्वव्यापी एक नई पहचान दी।
हरियाणा के खिलाड़ी निरंतर पूरे विश्व के पटल पर छाए हुए है, विधायक ने कहा कि धर्म और संस्कृति के क्षेत्र में भी हरियाणा एक अहम स्थान रखता है! उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री को भी हरियाणा आगमन का निमंत्रण दिया। प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा परिसर में ही मौजूद सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प भी अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक आफताब अहमद, बलबीर बाल्मिकी, इंदुराज नरवाल भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव