[ad_1]

इंदौर, 29 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश के बहुचर्चित हनी ट्रैप मामले में सोमवार को जिला कोर्ट में सुनवाई हुई। दोपहर 1.40 बजे सरकारी वकील और पुलिस पहुंची। एसआईटी के नए चीफ आदर्श कटियार के कोयंबटूर में ट्रेनिंग पर होने से पूर्व सीएम कमलनाथ के पेन ड्राइव वाले बयान से जुड़ा जवाब पेश नहीं हो सका। अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी।
सुनवाई शुरू होते ही सरकारी वकील अभिजीत सिंह राठौर ने कहा कि मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। साथ ही एसआईटी के नए चीफ कटियार को पदभार संभाले आठ ही दिन हुए हैं। उनसे डिटेल मार्गदर्शन लेकर कमलनाथ के संबंध में जवाब पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि 21 मई 2021 को पूर्व सीएम कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा था कि उनके पास हनी ट्रैप मामले की सीडी और पेन ड्राइव है। इस पर कोर्ट में आपत्ति लेते हुए आरोपियों में से एक ने पूछा था कि उनके पास पेन ड्राइव और सीडी कहां से आई, किसने दी, इसका खुलासा होना चाहिए।
कमलनाथ से सीडी और पेन ड्राइव जब्त करने के लिए एसआईटी ने नोटिस जारी किया था। इसके बाद कमलनाथ ने नया बयान दिया था कि उन्होंने सिर्फ 29 सेकेंड की क्लिप देखी है। वहीं, नवंबर 2023 में एसआईटी ने अपने जवाब में कहा था कि एसआईटी चीफ विपिन माहेश्वरी रिटायर हो चुके हैं। नए चीफ बनने के बाद ही इस पर जवाब दाखिल आना था, फिलहाल टल गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे