[ad_1]

उदयपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। उदयपुर में जमीन विवाद में दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। इस हत्या से पहले मृतक की मां से भी मारपीट की गई थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि आरोपितों में मृतक के चाचा, चाचा का बेटा और एक नाबालिग शामिल हैं। चाचा और बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया है। चाचा भी इस हमले में घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।
घटना उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के लोसिंग में बुधवार रात करीब 10 बजे की है। मृतक तेज सिंह (34) की पत्नी स्वीटी सिंह का आरोप है कि उसे इतनी बुरी तरह से मारा कि आंखें तक निकाल ली गईं। दूसरा मृतक तेज सिंह का दोस्त सोनू गांछी (38) है, जो धानमंडी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसका शव देर रात 2 बजे घटना स्थल से 300 मीटर की दूरी पर मिला।
बड़गांव थाना अधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक तेज सिंह और उसके चाचा मोहन सिंह के परिवार के बीच ढाई बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इससे पहले बुधवार को तेज सिंह किसी काम से उदयपुर गया हुआ था। इस बीच मोहन सिंह ने तेज सिंह की मां वीना कंवर के साथ मारपीट की थी। तेज सिंह को जब मां ने फोन कर बताया तो वह गांव पहुंचा और रात करीब 8.30 बजे वह बड़गांव थाने गया। यहां उसने मां से मारपीट को लेकर चाचा मोहन सिंह और उसके बेटे देवेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
थाने से तेज सिंह सीधा मोहन सिंह के यहां चला गया। बताया जा रहा है कि मां से मारपीट को लेकर तेज सिंह गुस्से में था। ये आशंका जताई जा रही है कि मारपीट का बदला लेने के लिए तेज सिंह ने अपने दोस्त सोनू गांछी को भी वहां बुला लिया था। चाचा मोहन सिंह के यहां जाने के बाद विवाद बढ़ गया। मोहन सिंह और उसके बेटे ने तेज सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी और इसके बाद तेज सिंह और सोनू पर चाकू और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी।
रात 10 बजे तक जब तेज सिंह घर नहीं आया तो मां थाने पहुंची और पुलिस ने तलाशी शुरू की तो रात करीब 11 बजे खेत की झाड़ियों में तेज सिंह का शव मिला। इस दौरान पुलिस ने मौका मुआयना किया तो रात करीब 2 बजे घटना स्थल से 300 मीटर दूर सोनू गांछी का शव मिला।
तेज सिंह उदयपुर शहर के शोभागपुरा इलाके में कपड़े के शोरूम पर काम करता है, जबकि आरोपित मोहन सिंह की चाय-नाश्ते की स्टॉल है। इस घटना में मोहन सिंह को भी चोट लगी है, जिसके चलते उसका महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सोनू गांछी के खिलाफ धानमंडी थाने में 30 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों को चाकू और लाठियों से हमला कर मारा गया है। पुलिस ने फिलहाल मोहन सिंह, उसके बेटे देवेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है। इसके साथ एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है।
मृतक तेज सिंह की बहन मंजू कंवर का कहना है कि उनके चाचा उदयसिंह राजपूत के कोई संतान नहीं थी। इस कारण उन्होंने अपनी प्रॉपर्टी उसकी मां वीना कंवर के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर चाचा मोहन सिंह दुश्मनी पाले हुए था। वह और उसका परिवार जबरदस्ती प्रॉपर्टी में अपना हक मांग रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल