[ad_1]

लखनऊ, 22 जनवरी (हि.स.)। पूरा प्रदेश रामधुन में रम गया है। मंदिरों में रामधुन चल रही है तो वहीं सड़कों पर सन्नाटा है। लखनऊ में हजरतगंज के अटल चौराहा पर भी भीड़ नहीं दिखी। वहीं उसके बगल में बने मंदिर में लोग सुबह से ही रामधुन में रमे हुए नजर आये। घरों में भी लोग दीपक सजाकर रखे हैं। पूजा पाठ की प्रक्रिया चल रही है।
दुकानों और घरों के ऊपर झंडा लहरा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि पूरा प्रदेश रामधुन में रमा हुआ है। घर हो या बाहर हर जगह सिर्फ राम की चर्चा हो रही है। सड़कों पर भी सुबह से ही भक्ति में भंडारे की तैयारी चल रही है। वहीं रामधुन पर भक्त जगह-जगह थिरकते हुए भी नजर आ रहे हैं।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश छबलानी का कहना है आज का दिन दीपावली से ज्यादा यादगार बनाने का है। पांच सौ वर्षों बाद प्रभु श्रीराम को अपना आवास मिल रहा है। इससे ज्यादा खुशी क्या हो सकती है। इस कारण व्यापार मंडल ने पूरे प्रदेश में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा है। सुबह से ही लोग खुशी मना रहे हैं।
वहीं पांडेयगंज के मंदिर में सुंदरकांड का पाठ सुबह से ही शुरू हो गया, जहां पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने भी सुंदरकांड पाठ किया। स्वाती सिंह ने कहा कि इससे बड़ा उत्सव का दिन सनातन धर्म के लिए नहीं आ सकता। यह रामभक्ति में लीन होने का दिन है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल वरिष्ठ अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, रजनीश गुप्ता आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/राजेश