[ad_1]

अयोध्या, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में सोमवार की दोपहर मृगशिरा नक्षत्र और अभिजीत मुहूर्त में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में दीपावली मनाई जा रही है। अकेले अयोध्या के मठ मंदिरों, घाटों और घरों में 10 लाख दीपक जलाये गये। यहां दीपावली जैसा माहौल है। संध्या होते ही अयोध्या के मंदिर, घाट और घर जगमग हो उठे।
अयोध्या का नजारा, त्रेतायुगीन जैसा प्रतीत हो रहा है। भगवान श्रीराम के लंका पर विजय प्राप्त कर माता सीता, अनुज लक्ष्मण, वीर हनुमान आदि के साथ जब पावन अयोध्या नगरी पधारे थे, तब हर घर में खुशी के दीप जले थे। यह उसी दृश्य को साकार कर रहा है। अयोध्या धाम में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। पूरा देश राम की धुन गा रहा है। भारत का हर घर राममय है।
अयोध्या में जहां दीपोत्सव जैसा दृश्य है, उनमें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, नयाघाट, राम की पैडी, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशहरथ भवन, रामकथा संग्रहालय, रामकथा पार्क, भजन संध्या स्थल, मणिरामदास छावनी, दिगंबर जैन मंदिर आदि के आलावा लोग अपने घरों में भी दीपक जला रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आमोदकांत /दिलीप