[ad_1]

-चौरादेवी, बालाजी मंदिर में रामभक्तों ने किया सुन्दरकांड पाठ
-प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखने को उमड़ी भीड़
हमीरपुर, 22 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि में सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न होने के बाद यहां हमीरपुर जिले में मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर दिन भर सुन्दरकांड पाठ और रामनाम का जाप का दौर चलता रहा। वही भंडारे में प्रसाद लेने के लिए हजारों लोगों की भीड़ भी जुटी। शाम होने से पहले श्रीराम की शोभायात्रा भी निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और रामभक्तों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। पूरे शहर में भगवा ध्वज लगाए गए है। वही सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में बिजली की झालरें लगाई गई है।
भीषण सर्दी के बीच यहां हमीरपुर में एतिहासिक चौरादेवी, बड़े मंदिर और बाला जी मंदिर समेत तमाम धार्मिक स्थलों में सुन्दरकांड का पाठ किया गया। चौरादेवी मंदिर में तो इक्कीस कुंडीय यज्ञ की धूम मची जहां हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। रमेड़ी मुहाल में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने बालाजी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कराया। मंदिर प्रांगण में श्रीराम जन्मभूमि में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण भी एलईडी के जरिए दिखाया गया। यहां धार्मिक आयोजन की धूम शाम तक मची रही। बाद में भंडारे में दिव्य प्रसाद का वितरण कराया गया। चंदन शुक्ला ने मंदिर में विशेष पूजा भी की। इधर, सुभाष बाजार में महावीर मंदिर में भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए। सुन्दरकांड का पाठ कराने के साथ रामनाम का जाप भी रामभक्तों ने किया।
मंदिर में अखंड ज्योति भी जलाई गई है। देवादास मंदिर, पतालेश्वर मंदिर व पशु अस्पताल रोड स्थित बड़े मंदिर में भी रामचरित मानस का पाठ कराकर भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्तों ने प्रसाद छका। भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेन्द्र मिश्रा व बृजेश मिश्रा ने प्राचीन दुर्गा मंदिर में विशेेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठान कराकर दिव्य प्रसाद का वितरण किया। भंडारे में पटकाना, मिश्राना, रमेड़ी, नौबस्ता समेत तमाम इलाकों से रामभक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। शाम तक यहां जय श्रीराम के नारे लगते रहे। लोनिवि के प्रांगण में भी शिवमंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया। विशेष पूजा अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन कराया गया। हमीरपुर-कालपी मार्ग पर भंडारे का प्रसाद देर शाम तक बांटा गया।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित