[ad_1]

-तीन हज़ार वर्ग गज भूखंड निश्चित किया
-36 कमरे मरीज़ों के साथ आने वाले सहयोगियों एवं परिवारजनों के ठहरने के लिए बनेंगे
नारनौल, 16 जनवरी (हि.स.)। कोरियावास में बन रहे मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में चौधरी बैजनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सात करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ा यात्री निवास बनाया जाएगा। इस आशय के सहमति पत्र पर मेडिकल शिक्षा विभाग एवं चौधरी बैजनाथ ट्रस्ट के प्रतिनिधि के बीच पंचकुला में हस्ताक्षर हुआ।
नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव ने मंगलवार को इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत मेडिकल कॉलेज प्रांगण में लगभग तीन हज़ार वर्ग गज भूखंड निश्चित किया गया है जिस पर तीन मंज़िला यह भवन बनेगा। इसमें 36 कमरे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज करवा रहे मरीज़ों के साथ आने वाले सहयोगियों एवं परिवारजनों के रहने के लिए प्रथम और द्वितीय तल पर बनाए जाएंगे और भूतल पर डोरमेटरी बनेगी जिसमें संयुक्त रूप से कई व्यक्ति रह सकेंगे ।
उन्होंने बताया कि चौधरी बैजनाथ ट्रस्ट द्वारा उनके स्थानीय प्रतिनिधि रामानंद अग्रवाल के माध्यम से मेडिकल शिक्षा विभाग को यात्री निवास बनाने का प्रस्ताव नांगल चौधरी के विधायक डाक्टर अभय यादव को दिया गया था। मुख्यमंत्री हरियाणा से विचार विमर्श एवं उनकी स्वीकृति उपरांत इस मामले में विस्तृत प्रस्ताव उपायुक्त महेंद्रगढ़ के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा विभाग हरियाणा को भेजा गया था। तदोपरांत इसकी स्वीकृति प्राप्त हुई है।
विधायक ने इस कार्य के लिए चौधरी बैजनाथ ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि चौधरी बैजनाथ ने अपने जीवन काल में भी नांगल चौधरी और आसपास के क्षेत्रों के लिए अनेक धर्मार्थ कार्य किए थे। इनमें विशेष रूप से नांगल चौधरी का महिला महाविद्यालय, बाबा मुकंददास गौशाला का निर्माण तथा नांगल चौधरी अस्पताल की बिल्डिंग का ब्लॉक और नांगल चौधरी के लोगों को लगभग 7 किलोमीटर दूर से पीने के पानी की व्यवस्था हैं जो उन्होंने उस समय करवाई थी जब पीने के पानी की भारी क़िल्लत थी। यह सभी काम उनके धर्म प्रयाण होने के साथ साथ उनका अपनी जन्मभूमि से अटूट भावनात्मक लगाव का प्रमाण भी है।
हिन्दुस्थान समाचार/श्याम/संजीव