[ad_1]

धौलपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। जिले में अवैध खनन के विरुद्ध शुक्रवार को जिला प्रशासन ने रमदा वन क्षेत्र में बडी कार्रवाई को अंजाम दिया। वन एवं खनिज विभाग द्वारा रमदा वन खंड के संरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचकर दो हाइड्रालिक लिफ्ट मशीन, वायर सॉ मशीन, कम्प्रेशर सहित खनन में प्रयुक्त होने वाली भारी मशीनरी की जब्ती की कार्रवाई की गई है।
शुक्रवार को रमदा वन क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी की अगुवाई में वन एवं खनिज विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। वन क्षेत्र में रमदा मंदिर के पास माइनिंग पिट्स बने पाये गये। आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की टीमों से जांच करवाई गई तो हाइड्रॉलिक लिफ्ट मशीन सहित खनन में लिप्त अन्य मशीनें पाई गईं। डीएम के निर्देश पर तुरंत मौका स्थल पर मौका फर्द बनाकर जब्ती की कार्रवाई करवाई गई। जिला कलेक्टर ने मौका स्थल पर जेसीबी बुलाकर रास्ता ब्लॉक करने की कार्रवाई शुरु करवाई एवं शेष सभी रास्तों को ब्लॉक करने एवं माइनिंग पिट्स को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि वन विभाग संपूर्ण क्षेत्र में मार्किंग करें एवं किसी भी गतिविधि पर सख्त निगरानी रखें। उन्होंने उपवन संरक्षक को क्षेत्र में वॉच टावर बनाकर निगरानी रखने,क्षेत्र में तुरंत ड्रोन इमेजिंग तथा वन क्षेत्र में तत्काल वन विभाग चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप वन संरक्षक वन्य अनिल यादव, उप वन संरक्षक किशोर गुप्ता एवं माइनिंग इंजीनियर मुकेश मंगल सहित वन विभाग की टीमें एवं अन्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप
[ad_2]