[ad_1]

– आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
इंदौर, 12 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी 2024 पर प्रदेश सहित इंदौर जिले में ‘मद्य निषेध संकल्प दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों को मद्यपान तथा मादक पदार्थो के दुष्परिणामों से जागरूक करना है। इस दिवस पर मादक द्रव्यों तथा मदिरा पान त्यागने हेतु संकल्प दिलाना एवं संकल्प लेने वालों से संकल्प पत्र भरवाने का कार्य भी किया जाएगा। इसी के साथ ही नशा प्रवृत्ति की रोकथाम हेतु जन जागृति एवं जन चेतना का निर्माण किया जाएगा। जिले में नशामुक्ति का वातावरण निर्मित होने के उद्देश्य से होने वाले संकल्प दिवस में ऐसे कार्यक्रम होंगे, जिनमें विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, स्थानीय निकाय एवं स्वैच्छिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
जनसम्पर्क अधिकारी पूजा थापक ने शुक्रवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मद्य निषेध संकल्प दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा आदेश जारी कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्य सौंपे गये हैं।
जारी आदेशानुसार उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक 30 जनवरी को समस्त महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में व्याख्यान, वेबीनार आदि कार्यक्रम एवं समस्त नशा मुक्ति विषयंक प्रतियोगिताएं, प्रश्न मंच का आयोजन करेंगे तथा व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करके ग्रुपों में नशा मुक्ति के संदेशों एवं लघु फिल्मों का प्रचार प्रसार करेंगे। इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी इस अवसर पर समस्त विद्यालयों में व्याख्यान, वेबीनार आदि कार्यक्रम एवं नशा मुक्ति विषयंक प्रतियोगिताओं का आयोजन करेंगे। समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ग्राम सभाओं को नशा मुक्त ग्राम बनाने संबंधी आयोजन करेंगे।
ग्राम स्तर पर स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों में नशा मुक्ति के संदेशों एवं लघु फिल्मों का प्रचार प्रसार तथा नशा मुक्ति अभियान हेतु स्थानीय वालंटियर ग्रुप तैयार करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नशा पीड़ितों के उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य परीक्षण कैंपों का आयोजन करेंगे। पुलिस अधीक्षक नारकोटिक्स विंग इस अवसर पर नशा मुक्ति जागरूकता, रैली, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत एवं अवैध रूप से मादक पदार्थों के व्यापार पर रोक संबंधी कार्यक्रम सहभागिता के साथ आयोजित करेंगे साथ ही समाज के प्रतिष्ठित जनों की भी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
शासकीय कलापथक दल द्वारा नशा मुक्ति के लिए जन जागृति हेतु लोकगीत, नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कराया जायेगा। नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाएं नशा मुक्ति के लिए जन जागृति हेतु रैली, नुक्कड़ नाटकों एवं शिविरों का आयोजन करेगी तथा शहरी स्तर पर नशा मुक्ति अभियान हेतु स्थानीय वालंटियर ग्रुप तैयार किया जाएगा एवं शपथ दिलाने एवं संकल्प लेने वालों से संकल्प पत्र भरवाये जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा
[ad_2]