[ad_1]

नैनीताल, 10 मार्च (हि.स.)। नगर में एक 7 वर्षीय बच्ची के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह से जलने की दुःखद घटना सामने आयी है। बच्ची को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय में दिखाने के बाद हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया है। बच्ची दूसरी कक्षा की छात्रा है।
नगर के हरिनगर क्षेत्र में रहने वाला बच्ची का पिता आज सुबह काम पर चला गया था, जबकि मां घर से दूर पानी लेने गयी थी। इस दौरान घर में केवल 7 वर्षीय बच्ची अंजली बिष्ट व उसका 3 वर्षीय छोटा भाई था। इस दौरान बच्ची अज्ञात कारण से बुरी तरह से जल गयी। कपड़ों में आग से लिपटी हुई वह बमुश्किल घर से बाहर भागी।
पड़ोसी महिला ने चादर डालकर उसकी आग बुझाई। बताया जा रहा है कि इसके बाद बदहवास अवस्था में उसकी मां घर लौटी। इस दौरान किसी ने बुरी तरह से जली बच्ची पर पानी भी डाल दिया। इससे वह और अधिक परेशान हो गयी। सूचना मिलने पर लौटा पिता उसे सुबह करीब 9 बजे बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी ले जाया गया। जिला चिकित्सालय के ईएमओ डॉ. देवाशीष नैनवाल ने बताया कि बच्ची 30 फीसद तक जल गयी थी। इधर तल्लीताल के थाना प्रभारी रमेश बोहरा ने बताया कि पुलिस को घटना की औपचारिक जानकारी नहीं मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/रामानुज