Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

चंडीगढ़, 8 फरवरी (हि.स.)। किसान संगठनों द्वारा हरियाणा के रास्ते दिल्ली कूच के ऐलान को देखते हुए हरियाणा पुलिस सतर्क हो गई है। प्रारंभिक स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश के सभी सीमावर्ती जिलों में बैरीकेडिंग कर दी गई है और केंद्र ने हरियाणा को पैरामिल्ट्री की 50 कंपनियां अलॉट कर दी हैं।
पंजाब के विभिन्न किसान संगठनों द्वारा अपनी मांगों को लेकर 13 फरवरी से दिल्ली कूच का ऐलान किया गया है। कूच को देखते हुए कई किसान संगठन हरियाणा की सीमाओं पर जुटने शुरू हो गए हैं। हरियाणा के कुछ किसान संगठनों द्वारा इस आंदोलन का समर्थन किया जा रहा है। ऐसे में प्रदेश की पुलिस ने आपात स्थिति से निपटने के लिए रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। बीस फरवरी से हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है और 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे पर हैं। ऐसे में अगर किसान दिल्ली कूच करते हैं तो हरियाणा पुलिस के सामने यह बड़ी चुनौती होगी।
इस चुनौती से निपटने के लिए गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों की पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। हरियाणा का अंबाला, कुरूक्षेत्र, सिरसा, जींद, हिसार व फतेहाबाद जिले पंजाब की सीमा से सटे हुए हैं। दूसरी तरफ यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, पानीपत आदि जिले उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हुए हैं। इसके अलावा झज्जर जिले का बहादुरगढ़ कस्बा देश की राजधानी दिल्ली से सटा हुआ है। पिछली बार हुए किसान आंदोलन के दौरान किसानों का मुख्य केंद्र सोनीपत का बहालगढ़ तथा झज्जर जिले में बहादुरगढ़ बार्डर रहा था।
अब किसानों द्वारा दोबारा दिल्ली कूच व आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ बातचीत की। अंबाला में शंभू बार्डर पर पंजाब के कुछ किसान संगठन जमा होने शुरू हो गए हैं। जिसके चलते आज पंजाब की सीमा से सटे जिलों में पुलिस ने नाकाबंदी करके बाहर से आने वालों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कानून-व्यवस्था के मद्देनजर सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट किया गया है। फिलहाल केंद्र से पैरामिल्ट्री की 50 कंपनियों को मंगवाया गया है। शुक्रवार से यह कंपनियां हरियाणा में तैनात होना शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा पुलिस लाइनों में मौजूद हरियाणा के जवानों को भी फील्ड में तैनात किया जाएगा। पंजाब, उत्तर प्रदेश व दिल्ली से सटे सभी जिलों में नाकाबंदी कर दी गई है। किसी भी संगठन को कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रत्येक जिले में पुलिस की टीमों को स्टैंड बॉय भी रखा गया है। प्रदेश की पुलिस हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए सक्ष्म है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/प्रभात