[ad_1]

रायगढ़, 07 मार्च (हि.स.)। शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिले में कुल 291 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। वहीं खरसिया विकासखंड में 28 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
गुरुवार को परियोजना अधिकारी मीनू उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में 28 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही मांगलिक कार्यक्रम प्रारंभ हुए। वहीं 10:30 बजे गायत्री शक्तिपीठ से 28 जोड़ों की बारात सजी हुई कारों से निकली, जो नगर भ्रमण करने के पश्चात पुनः गायत्री शक्तिपीठ पहुंची, जहां आचार्य ने पूरे वैदिक विधि-विधान से इन जोड़ों को मंगलसूत्र में बांधा। 28 जोड़े मतलब 56 परिवारों के रहने तथा खान-पान की समुचित व्यवस्था अग्रसेन भवन में की गई। गायत्री शक्ति पीठ परिसर में इनके फेरे संपन्न हुए। वहीं भाजपा के सर्वप्रिय नेता महेश साहू, कमल गर्ग तथा नपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील शर्मा ने सभी जोड़ों को मंगल आशीष प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान