[ad_1]

लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। पिछले दो महीनों से उत्तर भारत में वायरल ऊपरी श्वसन संक्रमण के छिटपुट मामले सामने आए हैं। लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में हुए 200 नमूनों के परीक्षण में 27 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
एसजीपीजीआई के निदेशक डा. आर.के.धीमान ने बताया कि पिछले दो महीनों (जनवरी-फरवरी) में संदिग्ध इन्फ्लूएंजा रोगियों के 200 नमूनों का परीक्षण संजय गांधी पी जी आई, लखनऊ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की वायरोलॉजी लैब में किया गया। इनमें से 27 (13%) नमूने स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा ए (पीडीएम) 09 स्ट्रेन) के लिए पॉजिटिव थे। पॉजिटिव मरीज़ लखनऊ और आसपास के जिलों से थे और सभी में हल्के लक्षण थे, जिसमें उपचार से भली प्रकार से लाभ होता है।
डा. आर.के.धीमान ने बताया कि इस वर्ष स्वाइन फ्लू के रिपोर्ट किए गए मामलों की संख्या पिछले दो वर्षों के आंकड़ों के समान है। इसलिए इस वर्ष लखनऊ क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का कोई प्रकोप नहीं है। इसके अलावा हम उम्मीद करते हैं कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे दिन का तापमान बढ़ेगा, वायरल श्वसन संक्रमण के मामलों में भारी कमी आएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन
/पदुम नारायण