[ad_1]





-थाना कटघर क्षेत्र के कमलानगर में दो पक्षों में हुए विवाद में एक पक्ष के पांच लोग हुए थे घायल
मुरादाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। होली के त्योहार पर कटघर थाना क्षेत्र के कमलानगर में दो पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने से एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। मामले में एक पक्ष की तहरीर पर 7 नामजद सहित 12 आरोपितों के विरूद्ध बुधवार को मुकदमा दर्ज हो गया।
कमलानगर निवासी गजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले अमन पुत्र निरंजन से उसका मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि होली के दिन सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे अमन अपने परिवार और दोस्तों के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। वह खुद अपनी पत्नी सोना, भाई दिनेश, विवेश, उमेश, सोनू, भाई की पत्नी राधिका आदि के साथ सार्वजनिक कुआं के पास खड़े थे। आरोपियों ने आते ही गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वे लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। इस दौरान पीड़ित परिवार जान बचाकर घर में भागा तो आरोपित वहां तक पहुंच गए।
गजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपितों ने डंडे से पीट पीटकर उनकी पत्नी सोना और भाई की पत्नी राधिका को पीटकर अधमरा कर दिया। दोनों को बेहोशी की हालत में रिक्शे में लादकर पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और तहरीर दी थी। मारपीट में गजेंद्र के साथ ही उनके दो और भाई भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया।
इस सम्बंध में थाना प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि गजेंद्र की तहरीर पर बुधवार को आरोपित अमन, उसके भाई सूरज, पिता निरंजन, मां ज्ञानवती, दोस्त मोहित व सौरव समेत सात नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जानलेवा हमला समेत अन्य गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित जायसवाल/विद्याकांत