[ad_1]

चंडीगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। हिसार लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला ने मंगलवार की शाम विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। हरियाणा विधानसभा में अब सिरसा जिले की रानियां सीट भी रिक्त मानी जाएगी।
रणजीत सिंह अक्टूबर, 2019 में सिरसा जिले की रानियां विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे। रविवार की रात वह औपचारिक तौर पर भाजपा में शामिल हुए हैं। रणजीत सिंह नवंबर, 2019 में बनी मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में भी कैबिनेट मंत्री बनाये गए थे। वह अब तक नायब सैनी सरकार में भी मंत्री रहे हैं। उन्हें दोनों बार ऊर्जा और जेल विभाग आवंटित किये गए।
दलबदल कानून से बचने के लिए रणजीत सिंह ने मंगलवार की शाम विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता के अनुसार रणजीत सिंह का इस्तीफा विधानसभा के सचिवालय में पहुंच चुका है। अध्ययन के बाद इस बारे में कोई फैसला लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत