Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]
– एक अप्रैल को होगी हरियाणा के चुनाव अधिकारियों, मुख्य सचिव व गृह विभाग के साथ बैठक
चंडीगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम एक अप्रैल को दौरा करेगी। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम जहां चुनाव अधिकारियों के साथ अब तक हुई तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करेगी, वहीं मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
हरियाणा में छठे चरण में 25 मई को तथा पंजाब व चंडीगढ़ में सातवें चरण में एक जून को चुनाव होने हैं। इसलिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने इन तीनों राज्यों के दौरे के लिए देरी से समय निर्धारित किया है। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों से भी बातचीत करेगी, जबकि हरियाणा सचिवालय में मुख्य सचिव के साथ बैठक होगी।
इन बैठकों में गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक भी शामिल होंगे, ताकि सुरक्षा के तैयारियों की समीक्षा की जा सके। आरक्षण आंदोलन, डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की गिरफ्तारी के बाद पंचकूला में हुई हिंसा तथा किसान संगठनों के आंदोलन के चलते हरियाणा और पंजाब बेहद संवेदनशील राज्यों की श्रेणी में आते हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम दोनों राज्यों के अधिकारियों के वार्ता कर यह सुनिश्चित कर लेना चाहती है कि इन आंदोलन का मतदान पर किसी तरह का विपरीत असर नहीं पड़ने वाला है। केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम राज्य में साल 2019 में अधिक मतदान व बहुत कम मतदान वाले केंद्रों के बारे में भी जानकारी प्राप्त करेगी। प्रदेश में 63 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां एक ही उम्मीदवार को 90 प्रतिशत से अधिक और एक ही उम्मीदवार को 10 प्रतिशत से कम वोट पड़े।
केंद्रीय चुनाव आयोग का मानना है कि ऐसे मतदान केंद्रों पर किसी तरह की गड़बड़ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। राज्य में 200 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जो संवेदनशील की श्रेणी में आते हैं। इन सभी मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयरहित चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम अधिकारियों से उनकी तैयारियों की जानकारी प्राप्त करेगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने एक अप्रैल को केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम के आगमन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन विभाग की चुनाव की पूरी तैयारी है। सभी राजनीतिक दलों के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ निरंतर बैठकें की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव/प्रभात