[ad_1]

नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग ने अपने निर्देशों के गैर-अनुपालन या आंशिक-अनुपालन को गंभीरता से लिया है और सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेश सरकारों को सभी अनधिकृत राजनीतिक विज्ञापनों को तुरंत हटाने और निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
चुनाव आयोग ने कैबिनेट सचिव और राज्यों के मुख्य सचिवों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर आदर्श आचार संहिता के पूर्ण अनुपालन के निर्देश दिये हैं। आयोग का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही है कि देशभर में कई स्थानों पर अभी भी अनधिकृत राजनीतिक विज्ञापन प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
आयोग ने सभी अनाधिकृत राजनीतिक विज्ञापनों को तुरंत हटाने और निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। इस संबंध में एक अनुपालन रिपोर्ट गुरुवार शाम पांच बजे तक आयोग को प्रस्तुत की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार/अनूप/आकाश