[ad_1]

फिरोजाबाद, 12 मार्च (हि.स.)। थाना फरिहा क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को दो पक्षों में विवाद के बाद हुई फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के आगरा रेफर किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मामला थाना फरिहा क्षेत्र का है। ग्रामीणों के अनुसार गांव नगला शीश निवासी सनी का मंडप समारोह तीन मार्च को था। समारोह में नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान सनी के चाचा का लड़का लकी भी डांस करने लगा। तभी वहां पहले से ही पड़ोस का युवक सौरभ डांस कर रहा था। डांस करते समय लकी के हाथ का कड़ा सौरभ के दोस्त के लग गया था। इसी बात पर विवाद होने लगा था। जिसे वहां के लोगों ने शांत करा दिया था।
मंगलवार को उसी विवाद को लेकर सौरभ और लकी में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई होने लगी। आरोप है कि सौरभ ने मौका पाकर तमंचे से एक के बाद एक लगातार फायर किए। इसमें गोली लकी के पेट में जा लगी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर प्राइवेट ट्राॅमा सेंटर पहुंच गए। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया। आगरा में उसका उपचार जारी है। मामले की जानकारी पर सीओ जसराना श्यामजीत सिंह और थाना प्रभारी उदयवीर मलिक मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इस सम्बंध में थाना प्रभारी फरिहा का कहना है विवाद में फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लगी है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/राजेश