[ad_1]
नेपाल, 11 मार्च (हि.स.)। नेपाल में सत्ता गठबन्धन के बदलने का साइड इफेक्ट दिखने लगा है। सरकार ने आज तीन प्रदेश के राज्यपालों को पदमुक्त करते हुए नई नियुक्तियां कर दी है। पदमुक्त किए गए राज्यपाल नेपाली कांग्रेस के कोटे से बने थे। सरकार ने इनको हटाकर अब गठबन्धन में शामिल एमाले पार्टी के निकट लोगों को राज्यपाल बनाया है।
सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक से तीन प्रदेशों के राज्यपालों को हटाने का निर्णय किए जाने की जानकारी सरकार की प्रवक्ता तथा सूचना संचार मंत्री रेखा शर्मा ने दी। कैबिनेट बैठक के निर्णय को सार्वजनिक करते हुए सरकार की प्रवक्ता ने बताया कि मधेश प्रदेश के राज्यपाल हरिशंकर मिश्रा, गण्डकी प्रदेश के राज्यपाल पृथ्वीमान सिंह गुरूंग और सुदूरपश्चिम प्रदेश के राज्यपाल देवराज जोशी को पदमुक्त करने का निर्णय किया गया है।
सरकार ने आज ही तीनों प्रदेश में नए राज्यपालों की नियुक्ति की सिफारिश राष्ट्रपति के समक्ष करने का फैसला किया है। मंत्री रेखा शर्मा ने कहा कि मधेश प्रदेश में सुमित्रा भण्डारी, गण्डकी प्रदेश में डिल्ली राज भट्ट और सुदूरपश्चिम प्रदेश में नजीर मियां को राज्यपाल के रूप में नियुक्ति की सिफारिश की है। आज नियुक्त किए गए तीनों राज्यपाल एमाले पार्टी के सदस्य हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज/प्रभात