[ad_1]

भोपाल, 8 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती हर वर्ष की तरह शुक्रवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में पहुंची और ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में पहुंचकर बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन अभिषेक किया और उसके बाद भगवान से आशीर्वाद लेकर मनोकामना भी की।
भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं हर साल महाशिवरात्रि पर बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आती हूं। लेकिन आज मैंने बाबा महाकाल से एक विशेष प्रार्थना की है। मैं गंगा का काम ऐसे ही पूरा होते देखूं, जैसा कि मैंने भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य अयोध्या में पूर्ण होते देखा है। मैं बाबा महाकाल से हर वर्ष यही मांगती थी कि मेरा जीवन सार्थक रहे, लेकिन आज मैंने बाबा महाकाल से मांगा है कि यह जीवन चला जाए लेकिन मां गंगा अविरल हो जाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा एक दृढ़ता का परिणाम है लेकिन मेरी दृढ़ता में कोई खोट रह गई, इसीलिए मैं मां गंगा को अब तक अविरल नहीं कर पाई।
लोकसभा चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि 22 जनवरी 2024 की सुबह 11 बजे तक मेरा इरादा था कि मैं लोकसभा चुनाव जरूर लडूंगी। मैं मध्यप्रदेश नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की एक टिकट से लोकसभा चुनाव लड़ने भी वाली थी, लेकिन अब मेरा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। मां गंगा को अविरल करना ही अब मेरा संकल्प है मैं भारतीय जनता पार्टी और राजनीति से हमेशा जुड़ी रहूंगी।
राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर उमा भारती ने कहा कि वह कितनी भी यात्रा निकाल लें, कुछ भी होने वाला नहीं है। उनकी यात्रा से कोई बदलाव तो नहीं आएगा उल्टा एक दो सीट जो कांग्रेस जीत रही है उस पर भी हार का असर जरूर पड़ेगा। लोकसभा चुनाव मे पार्टी की जीत पर आपने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को खुद इस सीट पर 400 सीट लाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश