Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

-वीडियो कॉल पर बेटे को जेल भेजने से बचाने के लिये मांगी गयी धनराशि
नैनीताल, 03 मार्च (हि.स.)। साइबर अपराधी नये-नये तरीकों से लोगों को बेवकूफ बनाकर ठग रहे हैं। नगर की एक महिला से वीडियो कॉल के जरिये पुलिस की वर्दी पहनकर 50 हजार रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले को साइबर सेल को भेज दिया है।
नगर के बलरामपुर हाउस के पास रहने वाली महिला को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आयी। वीडियो कॉल में पुलिस की वर्दी में नजर आ रहे व्यक्ति ने उससे कहा कि उसके बेटे ने कोई अपराध किया है। इस पर उसे जेल भेजा जा रहा है। बेटे को जेल भेजने से बचाने के लिये ऑनलाइन 50 हजार रुपये की मांग की गयी।
महिला का बेटा कांवड़ लेने के लिये हरिद्वार गया था, इसलिये महिला बेटे के साथ कोई घटना होने और उसे जेल भेजे जाने से बचाने के लिये आनन-फानन में मल्लीताल स्थित एक बैंक में आई और संबंधित के खाते में 50 हजार रुपये डलवा दिये। यह धनराशि डलवाने के शुल्क स्वरूप महिला को 2 हजार रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़े।
रुपये भेजने से पहले की जगह महिला ने जब रुपये भेजने के बाद बेटे को उसकी कुशल जानने के लिये फोन किया तो बेटे ने ऐसी कोई घटना होने से इंकार किया। इसके बाद खुद को ठगे जाने का अहसास होने के बाद महिला ने कोतवाली पुलिस से अपने रुपये वापस दिलवाने की गुहार लगाई है। इस पर पुलिस ने मामले को साइबर सेल को भेज दिया है।
कोई भी ऑनलाइन रुपये मांगे तो पुष्टि कर लें या पुलिस को सूचना दें-
पुलिस ने ऐसे साइबर अपराधों से बचने के लिये किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी तरह ऑनलाइन रुपये मांगने की स्थिति में पहले संबंधितों से फोन करके पुष्टि करने और पुलिस को सूचना देने की सलाह दी है। ऐसा भी हो सकता है कि वर्तमान में एआई के माध्यम से कोई अपना जाना-पहचाना व्यक्ति भी ऑनलाइन रुपये मांगे, तो भी उस व्यक्ति से अलग से फोन कर पुष्टि किये जाने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/रामानुज