[ad_1]

राजौरी, 2 मार्च (हि.स.)। भारतीय सेना ने राजौरी जिले के बुद्धल-कंडी क्षेत्र के लड़कों के लिए पीर पंजाल वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया। शनिवार को इसकी जानकारी दी गई। इस आयोजन का उद्देश्य राजौरी जिले के विभिन्न गांवों के लड़कों को शामिल करना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह आयोजन स्थानीय युवा लड़कों को खेल में करियर बनाने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था। लड़कों के लिए पीर पंजाल वॉलीबॉल लीग समोटे में तीन दिनों के लिए आयोजित की गई और इसमें कंडी-बुद्धल क्षेत्रों के लड़कों की 14 टीमों ने भाग लिया। वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दौरान सभी भाग लेने वाली टीमों ने बहुत उत्साह और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
वॉलीबॉल टूर्नामेंट हमेशा भीड़ आकर्षित वाला रहा है जहां ग्रामीण अपने-अपने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते दिखे। लड़कों के लिए पीर पंजाल वॉलीबॉल लीग का फाइनल मैच कंडी वॉरियर्स बनाम 7 स्टार समोटे के बीच खेला गया। कांटे की टक्कर के बाद 7 स्टार समोटे टीम ने टूर्नामेंट जीत लिया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन बेहद सफल रहा और कुल 348 (200 स्थानीय लोगों, 148 छात्रों/प्रतिभागियों सहित) ने उक्त कार्यक्रम को देखा।
इस तरह की सकारात्मक भागीदारी जिज्ञासु युवा मन को नशीली दवाओं के दुरुपयोग, गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित मुद्दों में शामिल होने से दूर करती है और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाती है, प्रतिस्पर्धी कौशल को बढ़ावा देती है और उन्हें राष्ट्र-विरोधी और समाज विरोधी तत्वों के जाल में फंसने से रोकती है। युवाओं और क्षेत्र के निवासियों ने समोटे में लड़कों के लिए पीर पंजाल वॉलीबॉल लीग आयोजित करने और प्रभावी युवा भागीदारी की दिशा में इस नेक पहल के लिए सेना के प्रति अपना हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/अमरीक/बलवान