[ad_1]

चाकू दिखाकर धमकाया, भीड़ एकत्रित होते देख भागे हमलावर
हिसार, 1 मार्च (हि.स.)। जिले के कस्बे हांसी में दुकान बंद कर घर लौट रहे एक दुकानदार को स्कूटी सवार दो युवकों द्वारा रोककर उस पर डंडों से हमला करके घायल किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दुकानदार का कहना है कि स्कूटी सवार युवकों ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया। दुकानदार द्वारा शोर मचाए जाने के बाद लोगों को एकत्रित होता देख हमलावर युवक स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। शुक्रवार को शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र कुमार बत्रा ने शुक्रवार को कहा कि उसकी धोला कुआं के पास बत्रा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से चावलों की होलसेल की दुकान है। वह गुरुवार रात अपनी दुकान बंद कर स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। नरेंद्र ने बताया कि जैसे ही वह पंचमुखी बालाजी मंदिर के पास पहुंचा तो अचानक से स्कूटी पर सवार दो युवक उसके सामने आ गए। एक युवक ने हाथ का इशारा कर उसकी स्कूटी को रुकवा लिया और उसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी।
नरेंद्र ने आरोप लगाया कि इस दौरान एक युवक ने उसे चाकू दिखाकर डराया और दूसरे युवक ने डंडे से हमला करके घायल कर दिया। नरेंद्र ने बताया कि युवकों द्वारा हमला किए जाने पर उसने शोर मचा दिया और शोर मचाए जाने के बाद लोगों को एकत्रित होता देख दोनों हमलावर युवक उसे जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। नरेंद्र ने बताया कि इसके बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी और सूचना मिलने पर उसके भाई पंकज ने मौके पर पहुंच उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव