[ad_1]

गोपालगंज, 28 फ़रवरी (हि.स.)। एसपी स्वर्ण प्रभात ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर जनता दरबार का आयोजन नहीं किये जाने के कारण जिला स्तर पर फरियादियों की भीड़ बढ़ती जा रही है अत: सभी थानाध्यक्ष प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार लगाएं। इसका प्रतिवेदन मुख्यालय को भेजें।
एसपी ने बुधवार को स्पष्ट कहा है कि प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार नहीं लगाने वाले थानाध्यक्षों पर कार्रवाई की जायेगी। बताते चलें कि बुधवार को एसपी के जनता दरबार में फरियादियों की भीड़ को देखते हुए एसपी ने कहा कि थाना में नए आए थानेदार जनता की समस्याओं को नहीं सुन रहे है। जिसकारण फरियादयों की भीड़ जिला मुख्यालय में बढ़ने लगी है। जो अच्छी बात नहीं है। सीएम के निर्देश पर इस निर्देश के आलोक में जनता दरबार का आयोजन एसपी द्वारा किया जा रहा है परंतु थाना स्तर पर जनता दरबार नहीं लग रहे हैं।
जनता दरबार में लोग अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं। जनता दरबार में सुनी गई शिकायतों पर संबंधित थानाध्यक्षों को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जाते हैं। अगर थाना स्तर पर फरियादियों की समस्या का समाधान हो जाएगा तो फरियादियों का समय और याता खर्च भी बच जाएगा। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष प्रत्येक शनिवार को हर हाल में थाना स्तर पर जनता दरबार आयोजित करने तथा जनता दरबार में अनिवार्य रूप से भाग लेने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले फरियादियों के साथ मधुर व्यवहार किया जाय।
अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनेंगे तथा उनकी समस्याओं का निष्पादन विधिसम्मत कराना सुनिश्चित करेंगे। अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष जनता दरबार में आने वाले मामलों का निष्पादन पूरी तत्परतापूर्वक करेंगे। साथ ही प्राथमिकता के तहत भूमि विवाद से संबंधित मामलों को अच्छे तरीके से जांच-पड़ताल करने के उपरांत अविलंब निष्पादित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ अखिला