[ad_1]

-गांजा समेत दो युवक करीमगंज के चुराइबारी में पकड़े गये
करीमगंज (असम), 27 फरवरी (हि.स.)। राज्य के बाहर के दो युवकों को करीमगंज जिले के बजरीछड़ा पुलिस स्टेशन के तहत असम-त्रिपुरा अंतरराज्यीय सीमा के चुराइबारी में तस्करों द्वारा शरीर पर गांजा के पैकेट बांधकर तस्करी करने की कोशिश करते समय उन्हें गिरफ्तार किया गया। चुराइबारी तलाशी पुलिस चौकी की पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये दोनों युवकों की पहचान बिहार निवासी सौरभ कुमार और तुफानी पासवान के रूप में की गयी है।
चुराइबारी तलाशी पुलिस चौकी प्रभारी प्रणब मिल्ली ने आज बताया कि त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से गुवाहाटी के लिए एक नाइट सुपर बस मंगलवार की दोपहर के समय असम गेट पर पहुंची। पुलिस टीम ने बस की तलाशी ली तो यात्रियों के वेष में दो युवकों के शरीर से गांजा के पैकेट बरामद हुए। उनके शरीर पर टेप से बांधे गये आठ पैकेटों में करीब पांच किलो सूखा गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की काले बाजार में कीमत कम से कम 50 हजार रुपये आंकी गयी है।
पुलिस पदाधिकारी मिल्ली ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ एनडीपीएस के विशिष्ट प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि आगामी बुधवार को दोनों युवकों को करीमगंज की न्यायिक अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/मनोजित/अरविंद/प्रभात