[ad_1]

– तरुण राठी संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और रुचिका चौहान अपर सचिव नियुक्त
भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार देर रात आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) भोपाल के संचालक तरुण राठी को प्रदेश का संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं अब तक ये जिम्मेदारी संभाल रहीं रूचिका चौहान को अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन बनाया गया है। वहीं, एक अन्य आदेश में भोपाल विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संदीप केरकट्टा को मध्य प्रदेश शासन में उप सचिव के पद पर पदस्थ किया है।
दो आईएएस की नवीन पदस्थापना, तीन अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की तरफ से जारी एक अन्य आदेश में दो अन्य आईएएस अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की है। इनमें 2016 बैच के आईएएस अधिकारी करोड़ी मीणा को नगरीय प्रशासन विभाग और स्मार्ट सिटी में अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि 2017 बैच के आईएएस डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े को अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है।
इसके अलावा आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी मध्यप्रदेश भोपाल के महानिदेशक विनोद कुमार को अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है। वहीं, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग की सचिव सिबी चक्रवर्ती को प्रबंध संचालक मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भोपाल का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है। इसके अलावा उप सचिव मुख्यमंत्री तथा प्रबंध संचालक मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रिक्स विकास निगम भोपाल के साथ-साथ संचालक राज्य कम्प्यूटर सिक्युरिटी इंसीडेंट रिस्पॉस टीम भोपाल तथा प्रबंध संचालक स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क भोपाल का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग के एक अन्य आदेश में ह्दयेश कुमार श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव बनाया गया है। श्रीवास्तव अब तक माध्यमिक शिक्षा मंडल में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर पदस्थ थे। इस संबंध में जीएडी ने आदेश जारी किए।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश