[ad_1]

– केन्द्रीय मंत्री ने शबरी माता आश्रम में की पूजा, देवनारायण मंदिर धाम पर आयोजित जन्मोत्सव में भी हुए शामिल
ग्वालियर, 11 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जल, जंगल व जमीन का संरक्षण ही नहीं देश की एकता व अखण्डता में आदिवासी समाज का सदैव से अहम योगदान रहा है। भारतीय संस्कृति में माता शबरी की भक्ति सर्वोपरि है। इसी तरह आदिवासी समाज में जन्मे भगवान बिरसा मुण्डा ने भारत की एकता और अखण्डता के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को अरोन तिराहा घाटीगाँव स्थित शबरी माता आश्रम परिसर में आयोजित हो रही श्रीराम कथा में भाग लेने पहुँचे थे। उन्होंने इस अवसर पर माता शबरी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने घाटीगाँव क्षेत्र के सहरिया जनजाति बहुल मजरे-टोलों व दफाईयों का नामकरण एवं इन बस्तियों के विकास के लिये अपनी विधायक निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। शबरी माता आश्रम पर रामकथा में शामिल होने के बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया देवनारायण धाम सिरसा पहुँचे और यहाँ पर भगवान श्री देवनारायण के जन्मोत्सव में शामिल हुए।
इस अवसर पर सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तोरषण पाल, कथावाचक पं. अशोक शास्त्री, पूर्व विधायक जवाहर सिंह रावत व बृजराज सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा एवं महेन्द्र आदिवासी सहित सहरिया जनजाति के अन्य प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में सहरिया समुदाय की महिलाएँ, बुजुर्ग व नागरिक मौजूद थे।
सिंधिया ने कहा कि भारत सरकार अनुसूचित जातियों के समग्र कल्याण के लिये कृत संकल्पित है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज आदिवासी बहुल जिला झाबुआ में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज को बड़ी-बड़ी सौगातें दी हैं। सरकार ने भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय भी लिया है।
देवनारायण धाम आश्रम के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की घोषणा
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देवनारायण धाम परिसर में गौशाला जैसे सेवाभावी काम प्रमुखता से किए जाते हैं। इस आश्रम के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर ने अपनी विधायक निधि से इस आश्रम में सेवाभावी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिये अपनी विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/संजीव