[ad_1]

जोधपुर, 11 फ़रवरी (हि.स.)। सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सबका साथ सबका विश्वास सिर्फ स्लोगन ही नहीं है, बल्कि यह मोदी की गारंटी है। शेखावत रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी गांव चलो अभियान के तहत सड़क मार्ग से लोहावट पहुंचे। उन्होंने मार्ग में अनेक स्थानों पर ग्रामीणों से संवाद किया और अपने स्वागत अभिनंदन के लिए सभी का आभार जताया।
लोहावट विधानसभा क्षेत्र में शेखावत ने प्रवासी कार्यकर्ता के तौर पर क्षेत्र के बूथ क्रमांक पर किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, बूथ अध्यक्ष, पार्टी के पदाधिकारियों से मुलाकात की। केन्द्र सरकार की विविध योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात के दौरान उन्हें अवगत कराया कि किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निरन्तर राष्ट्रहित कार्य कर रहे हैं। सबका साथ सबका विश्वास सिर्फ स्लोगन ही नहीं है, बल्कि यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने हर वर्ग को मोदी सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। अन्त्योदय का मूलमंत्र बताया। सशक्त किसान, समृद्ध भारत की अवधारणा से रू-ब-रू कराया।
शेखावत ने रायमलवाड़ा, बापिणी और पूनासर में ग्रामीणों से संवाद किया। रायमलवाड़ा में निर्माणाधीन गौशाला के समीप और फिर रामचोक रायमलवाड़ा में माला से उनका भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया। शेखावत ने बापिणी में ताटी मगरा स्थित गोंसाई बाबा के मन्दिर में धोक लगाई और ज्योत के दर्शन किए। मन्दिर परिसर में नीम के पेड़ के नीचे ग्रामीणों से मोदी सरकार की विविध जन कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। क्षेत्र की समस्याओं पर भी ग्रामीणों से विचार विमर्श किया। केंद्रीय मंत्री ने पूनासर में ग्रामीणों से ग्राम सभा में संवाद किया। पंचमुखी बालाजी महाराज की विशाल मूर्ति के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इससे पहले, जोधपुर प्रवास के दौरान सुबह अनेक स्थानों पर गए और जनता से संवाद किया, उनकी समस्याओं को सुना तथा यथासंभव निराकरण का प्रयास किया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत श्रीयादें जयंती महोत्सव पर झालामंड स्थित श्रीयादें माता के पावन धाम पहुंचे और माताजी मंदिर में दर्शन कर धोक लगाई। उन्होंने ज्योत के दर्शन किए। श्रीयादें माता जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए शेखावत ने कहा कि जलसे में शामिल होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने धाम परिसर में समाज के गणमान्य लोगों के साथ जाजम पर बैठकर संवाद किया। वे शोभायात्रा में शामिल युवाओं और बच्चों से मिले। अपने स्वागत अभिनंदन और बहुमान के लिए आयोजन समिति के सदस्यों का आभार जताया।
लोहावट विधानसभा क्षेत्र के चाडी गांव में ग्रामीणों से संवाद करते हुए शेखावत ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में पश्चिमी राजस्थान में पीने का पानी के संकट का स्थायी समाधान हम कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि चार साल पहले जब हमने मोदी जी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन पर काम शुरू किया था, तब देश में 19.27 करोड़ ग्रामीणों घरों में से 3.23 करोड़ घरों में पीने का पानी पहुंचता था। हमने पिछले चार साल में 14.29 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है, लेकिन राजस्थान में जिस गति से काम होना चाहिए, वो नहीं हुआ। हालांकि, सबसे ज्यादा पैसा राजस्थान सरकार को दिया। दुर्भाग्य से पूर्ववर्ती सरकार ने कहीं न कहीं राजनीति की। पूर्ववर्ती राज्य सरकार को 27 हजार करोड़ का बजट दिया था, लेकिन वो 6 हजार करोड़ ही खर्च पाए। राजस्थान सरकार के पास बजट का पैसा बाकी है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने भाजपा मीडिया सेंटर के सह संयोजक रंगकर्मी मदन बोराणा के निधन पर उनके निवास स्थान जाकर शोक संवेदना व्यक्त जताई। वे समाजसेवी गोपी किशन के निधन पर आयोजित शोक सभा में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर