[ad_1]

पिस्तोल व चाकू के बल पर बदमाशों ने की लूट
हिसार, 8 फरवरी (हि.स.)। हांसी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एचपीसीएल रिटेल आउटलेट यूआरडी फ्यूल मार्ट पर सो रहे तीन कारिंदों से पिस्तोल व चाकू की नोंक पर अज्ञात बदमाश 50 हजार रुपए की नगदी छीन ले गए। जाते समय ये बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उतार ले गए। सूचना मिलने पर बास पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को दी शिकायत में पेट्रोल पंप के सेल्समैन खरबला निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र ने कहा कि वह बांडाहेड़ी स्थित एचपीसीएल रिटेल आउटलेट यूआरडी फ्यूल मार्ट पर पिछले दो साल से सेल्समैन है। बुधवार शाम को उसके साथ सिंघवा खास निवासी जितेन्द्र व सिसर निवासी कप्तान ड्यूटी पर थे। नरेंद्र ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर एक कमरे तथा जितेन्द्र व कप्तान दूसरे कमरे में सो रहे थे। गुरुवार अल सुबह करीब एक-डेढ बजे तीन अज्ञात युवक उसके कमरे में घुस आए। तीनों युवकों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। कमरे में घुसते ही एक लड़के ने उसकी गर्दन पर पिस्तोल लगा दी।
दूसरे लड़के ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया, जबकि तीसरे युवक ने उसके हाथ पैर बांध दिए और मेरी जेब में रखी करीब 15-20 हजार रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद दो युवक साथ वाले कमरे में चले गए लेकिन चाकू वाला लड़का मेरे पास खड़ा रहा। दोनों ही युवकों ने साथ वाले कमरे में सो रहे जितेन्द्र व कप्तान से भी करीब 30 हजार रुपये और उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन दोनों को बाथरुम में बंद करके पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उखाड़ कर अपने साथ ले गए।
इस दौरान एक युवक ने पिस्तोल की बट से कमरे में लगी एलसीडी टीवी को भी तोड़ दिया। नरेंद्र ने बताया कि बदमाश जाते वक्त हमारे तीनों के छीने गए मोबाइल फोन पेट्रोल पंप पर खड़ी मोटरसाइकिल में डालकर फरार हो गए। नरेंद्र ने बताया कि उसे नहीं पता कि तीनों बदमाश पेट्रोल पंप पर किस वाहन पर सवार होकर आए थे और लूट की वारदात के बाद किस दिशा में फरार हो गए। नरेंद्र ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद वह किसी तरह अपने हाथ पैर खोल कर कमरे से बाहर आया और बाथरूम में बंद जितेंद्र व कप्तान को बाहर निकाला तथा लूट की वारदात की सूचना पुलिस व पंप संचालक एडवोकेट रमेश ढुल को दी।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव