[ad_1]

मीरजापुर, 05 फरवरी (हि.स.)।चील्ह थाना क्षेत्र के मवैया गांव में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत हो गई। संगीता (22) का बीती रात पति राजेश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कुंआ में छलांग लगा दी। महिला के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर निवासी मृतका के भाई अमर सरोज ने बताया कि छोटी बहन संगीता की शादी मवैया गांव निवासी राजेश सरोज पुत्र राजकुमार सरोज के साथ तीन जून 2022 में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर हमारी बहन को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार की सुबह सूचना मिली कि संगीता की मौत हो गई है।
मृतका के भाई अमर कुमार ने चील्ह थाने पर तहरीर देकर पति राजेश, ससुर राजकुमार, सास गीता देवी, ननद सीता देवी व चानी देवी, नंदोई जीतू सरोज व मलखान सरोज पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पड़ोसियों ने बताया कि राजेश सरोज मुंबई में नौकरी करता है। डेढ़ महीने पहले घर आया था। रविवार की रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और विधिक कार्रवाई में जुट गई।
हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर