[ad_1]

धर्मशाला, 05 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संगठनात्मक जिला देहरा द्वारा पांच नवंबर 2023 को जिला में आयोजित हुई स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का परिणाम घोषित कर दिया है।
कोरोना काल से पूर्व प्रतिवर्ष विद्यार्थी परिषद छात्रों की प्रतिभा को मंच देने हेतु हर वर्ष इस परीक्षा का आयोजन करती थी लेकिन कोरोना के बाद वर्ष 2023 में पहली बार इस परीक्षा का आयोजन किया गया था जिसमें प्रदेश भर के 23 हजार 534 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था तथा 17 हजार 524 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर पहले, दूसरे तथा तीसरे स्थान के विजेताओं को 31 हजार, 21 हजार, 15 हजार व पांच के पांच सांत्वना पुरस्कार प्रदेश स्तर पर वितरित किये।
विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि संगठनात्मक जिला देहरा में इस परीक्षा में 1026 विद्यार्थियों का पंजीकरण किया गया था व 812 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में देहरा जिला में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। संगठनात्मक जिला देहरा में जीएमएसएस देहरा स्कूल के शांतनु प्रथम स्थान पर रहे, वहीं द्वितीय स्थान पर भी जीएमएसएस देहरा स्कूल की गुंजन व तृतीय स्थान पर आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रागपुर की रुद्राक्षी राणा रही।
जिला भर में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले इन छात्रों को विद्यार्थी परिषद संगठनात्मक जिला देहरा भी जिला स्तर पर 11 हजार, 7100 व 5100 के नकद पुरस्कारों के साथ सम्मानित करेगा। इसी के साथ एसवीएम स्कूल प्रागपुर से अंकित कुमार, आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रागपुर से अर्शिया, जीएसएस स्कूल नगरोटा सूरियां से राम सिंह गुलेरिया और जीएमएसएस देहरा से गरिमा तथा एसवीएम स्कूल प्रागपुर से आदित्य को एक-एक हजार के पांच सांत्वना पुरस्कार दिये जायेंगे।
रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि जल्द ही विद्यार्थी परिषद संगठनात्मक जिला देहरा स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करेगा जिसमें जिला में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व पांच सांत्वना पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागियों को सम्मीनित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील