[ad_1]

नैनीताल, 25 जनवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने नगर में खेलों का आयोजन कराने वाले ‘एनटीजी एंड डीएसए’ यानी नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ नैनीताल की कार्यकारणी के द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया को सम्पादित किये जाने के लिए उपजिलाधिकारी केएन गोस्वामी को प्रशासक नामित किया है।
गोस्वामी ने बताया कि 2 फरवरी को प्रातः 11 बजे नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ कार्यालय नैनीताल में सामान्य परिषद की बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने सभी घटक निकाय सम्बद्ध सदस्यों से अपील की है कि सभी अपने अध्यक्ष व सचिव तथा एक-एक नामित प्रतिनिधि की सूचना 1 फरवरी की शाम 5 बजे तक नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ कार्यालय को दें और नई कार्यकारी समिति के पदाधिकारियों का निर्वाचन कर नई कार्यकारिणी का गठन करें।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ में कथित अनियमितताओं के आरोपों पर डीएम वंदना सिंह के निर्देशों पर नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ के घटकों के सदस्यों की बैठक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई थी। इस बैठक में नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ की खेल गतिविधियों को जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से आयोजित कराने पर विचार हुआ था।
हिन्दुस्थान समाचार/नवीन जोशी/वीरेन्द्र