[ad_1]

गुवाहाटी, 24 जनवरी (हि.स.)। ट्रेन सिग्नल रजिस्टर (ई-टीएसआर) के पूर्ण स्वचालन को लागू करने के लिए पूर्वोत्तर सीमा रेल द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के विभिन्न स्टेशनों पर डिजिटलीकरण के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने का कार्य किया गया है। पूसी रेलवे के कुल 60 स्टेशनों में ई-टीएसआर लागू किया गया है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे आज ने बताया कि ट्रेन सिग्नल रजिस्टर स्टेशन मास्टर द्वारा मेंटेन किया जाने वाला एक दस्तावेज है, जहां स्टेशन सीमा में आगमन समय, प्रस्थान समय और सभी संबंधित प्रक्रियाओं सहित ट्रेन पासिंग के सभी रिकॉर्ड दर्ज होते हैं। मौजूदा पद्धति यह है कि जब भी कोई ट्रेन स्टेशन को पार करती है, तो स्टेशन मास्टर द्वारा डाटा को मैन्युअली दर्ज किया जाता है। ई-टीएसआर से उच्च स्तर की पारदर्शिता आती है और स्टेशन मास्टर के पास संरक्षा पहलुओं पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए अधिक समय रहता है। इसके अलावा, डाटा को बदलने या हेराफेरी करने की कोई संभावना नहीं है। स्वचालित ट्रेन सिग्नल रजिस्टर (ई-टीएसआर) एक वैध दस्तावेज है और दुर्घटनाओं आदि की जांच के दौरान सूचना के वास्तविक स्रोत के रूप में काफी उपयोगी हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि पहले से ही सीओए (कंट्रोल ऑफिसएप्लीकेशन) के कमीशन के साथ रेलवे में ट्रेन प्लानिंग और निगरानी का व्यापक डिजिटलीकरण किया गया है, जहां ट्रेन के चार्टिंग की पूरी प्रक्रिया कम्प्यूटरीकृत की गई है और पूरे भारत में सभी मंडलों के ट्रेन नियंत्रण कक्षों को वास्तविक समय के आधार पर जोड़ा गया है। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम होने के साथ-साथ परिचालनिक योजना की दक्षता में वृद्धि हुई है, जिससे ट्रेनों का समय पर चलना और प्राथमिकता की बेहतर योजना आदि जैसे लाभ मिले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद