[ad_1]

-चित्रकूट के मारकुंडी थाना क्षेत्र में विधवा के घर पर हुई थी लूट
चित्रकूट, 23 जनवरी (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर मारकुंडी थाना क्षेत्र में एक विधवा के घर पर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। दो लुटेरों को शस्त्र व लूट के सामान समेत दबोचा है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ मऊ जयकरन सिंह की देखरेख में एसओजी व थाना मारकुंडी पुलिस ने 17-18 जनवरी की रात कस्बा मारकुंडी में ममता गुप्ता पत्नी स्व0 रमाकांत गुप्ता के मारकुंडी बाजार स्थित जनरल स्टोर दुकान में लुटेरों ने मारपीट कर नकदी समेत दुकान का सामान लूटा था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर खुलासे के निर्देश दिये थे।
उन्होंने बताया कि सुरागरसी कर थानाध्यक्ष मारकुंडी व एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर भेड़ा कोलान स्थित गौशाला से कल्लू पठान उर्फ छपरी पुत्र इरशाद पठान व मनीष मौर्य पुत्र मुकेश मौर्य निवासी नई बस्ती थाना मऊरानीपुर जिला झांसी को गिरफ्तार किया। दो लोग मौके का लाभ उठाकर भाग गये। दबोचे दोनों के कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, चाकू, लूट के 12500 रुपये, एक जोड़ी पायल आदि दुकान का सामान बरामद किया। लूटे सामान की दुकान मालकिन ने शिनाख्त की। पूछताछ में दबोचे बदमाशों ने बताया कि वे दोनों अन्य दो साथियों के साथ 17-18 की रात महिला के घर, दुकान में लूटपाट की थी। लूटे माल को दोनों ने छिपा दिया था। दोनों बदमाशों पर मऊरानीपुर में तमाम मामले दर्ज हैं।
टीम में निरीक्षक/एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी, दीवान जितेन्द्र, दीवान नितेश समाधिया, सिपाही राघवेन्द्र सिंह, रोशन सिंह, ज्ञानेश मिश्रा, रोहित सिंह, आशीष यादव, पवन राजपूत व मारकुंडी थाने के थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सिपाही सतीश कुमार, शिवलाल शामिल रहे। पत्रकार वार्ता में एएसपी व पुलिस टीम मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार/रतन/मोहित