[ad_1]

फतेहाबाद, 16 जनवरी (हि.स.)। टोहाना से वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रमुख समाजसेवी हरपाल सिंह बुडानिया का कहना है कि राजनीति बेहद गंदी हो चुकी है। इसे साफ करने के लिए राजनीति के दलदल में उतरना जरूरी है। वे समाजसेवा की राह पर चलते हुए राजनीति में आए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में वे टोहाना से कांग्रेस की टिकट के प्रमुख दावेदार हैं। जीतने के बाद यहां बेरोजगारी, शिक्षा, जमीनी विकास को प्राथमिकता देंगे। वे मंगलवार को अमात्रा रिसोर्ट में फतेहाबाद प्रेस क्लब से रूबरू हो रहे थे।
कांग्रेस नेता हरपाल सिंह बुडानिया ने कहा कि कांग्रेस के सामने उनका मजबूत दावा है। यदि फिर भी उन्हें किन्हीं कारणों से टिकट नहीं मिलती तो वे ना आजाद लड़ेंगे और न ही दलबदल करेंगे। इसी दलबदलू राजनीति को ही दूर करने के लिए वे यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि बेरोजगारी दूर करने की बात हर कोई करता है, लेकिन बेरोजगारी दूर करने के लिए हमें यहां इंडस्ट्री लानी होगी। अभी तक कोई राजनेता फतेहाबाद या टोहाना में इंडस्ट्री नहीं ला पाया। उन्होंने अपने स्तर पर 10 एकड़ में टोहाना में बड़ी इंडस्ट्री ला रहे हैं। जहां लोगों को रोजगार दिया जाएगा। रोजगार मिलेगा तो युवा नशे व क्राइम से दूर रहेगा।
इसके अलावा रोजगारी महिलाओं व स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए निजी तौर पर तीन रूट पर फ्री बसें शुरू कर रखी हैं, जो महिलाओं व छात्राओं को न केवल टोहाना लाती हैं, बल्कि वापस भी छोडऩे जाती हैंं। उनकी बसें ट्रस्ट के माध्यम से चलती हैं और इस सेवा के लिए कोई टैक्स नहीं लगना चाहिए, लेकिन उनसे हर बस का मासिक 10 हजार रुपये टैक्स लिया जा रहा है। इसके खिलाफ उन्होंने अपील कर रखी है, लेकिन उनको टाल मटोल किया जा रहा है, लेकिन वे नहीं रुकने वाले। वे चुनाव लड़ें या न लड़ें, यह निशुल्क सेवा इसी तरह चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि टोहाना में कहीं भी कोई काम नहीं हो रहा। ग्रामीण क्षेत्र में जो भी टेंडर हो रहे हैं, उनमें घटिया स्तर का सामान प्रयोग हो रहा है। वे स्वयं सिविल कंट्रेक्टर हैं तो उन्हें पता है कि उसी रुपये में अच्छी क्वालिटी से कैसे काम करना है। यदि उन्हें मौका मिलता है तो सडक़ों को सुधरवाएंगे, रोजगार के लिए उद्योग लाएंगे, नशे को खत्म करेंगे और सुरक्षा का माहौल बनाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव