[ad_1]

कानपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। किसान बाबू सिंह यादव आत्महत्या मामले में फरार चल रहे शिवम सिंह चौहान को एसटीएफ ने रविवार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने संबंधित थाना चकेरी को सुपुर्द कर दिया और पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। शिवम पर एक लाख रुपये का इनाम कमिश्नरेट पुलिस ने घोषित कर रखा था।
चकेरी थाना के किसान बाबू सिंह यादव करीब तीन माह पूर्व ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लिया था। आत्महत्या से पहले उसने सुसाइड नोट में शिवम सिंह चौहान, आशू दिवाकर आदि का नाम लिखकर आरोप लगाया था कि उसकी करोड़ों रुपये की जमीन बैनामा करा लिया और जो चेक दी गई वह कैंसिल हो गई।
मामला तूल पकड़ा तो पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई शुरु कर दी और आरोपी फरार हो गये। जो चेक किसान को दी गई थी वह शिवम सिंह चौहान के नाम की थी और शिवम सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर अपने को निर्दोष बता रहा था। लेकिन पुलिस के सामने उसकी एक न चली और फरार होने पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया।
चकेरी थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले में एसटीएफ यूनिट प्रयागराज के निरीक्षक अनिल सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने टीम के साथ फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी मैनपुरी निवासी शिवम सिहं चौहान को आगरा के कृष्णा ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। टीम ने इनामिया को थाने में सुपुर्द कर दिया और विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश
[ad_2]