नई दिल्ली: गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 5319 को ढाका पर उतारा गया। यह फ्लाइट मुंबई से चली थी, इसे गुवाहाटी एयरपोर्ट पर मौसम अनुकूल न होने की (adverse weather ) की स्थिति के कारण ढाका की ओर ले जाया गया। पायलट ने शुरू में इसे कोलकाता ले जाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए, उड़ान को भुवनेश्वर की ओर ले गए लेकिन वहां रनवे बंद था। फिर कैप्टन ने पास में मौजूद हवाई अड्डे के रूप में ढाका को चुना।
इंडिगो ने आधिकारिक तौर पर गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट के मार्ग परिवर्तन की पुष्टि की है। परिस्थितियों के बारे में बताते हुए डिटेल में बयान जारी किया है। इंडिगो ने एक बयान में कहा, गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 5319 को बांग्लादेश के ढाका की ओर मोड़ दिया गया।
एयरलाइन कंपनी ने फंसे हुए यात्रियों के लिए मूल गंतव्य तक वापसी की उड़ान की सुविधा के लिए एक नए क्रू का आयोजन किया है। इंडिगो ने एक बयान में कहा, परिचालन कारणों से, ढाका से गुवाहाटी तक उड़ान संचालित करने के लिए क्रू एक वैकल्पिक सेट की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को अपडेट के बारे में सूचित किया गया और उन्हें रिफ्रेशमेंट परोसा गया। असुविधा के लिए हमें खेद है।