[ad_1]

चंबा, 11 जनवरी (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वीरवार को 6 करोड़ 20 लाख की लागत से रायपुर-फगोट संपर्क मार्ग के मेटलिंग व टारिंग तथा शेष कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने बड़द्रमण गाँव से बनोली संपर्क मार्ग का भी भूमि पूजन भी किया । इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर एक करोड़ 89 लाख की राशि व्यय होगी।
कुलदीप सिंह पठानिया ने फगोट गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में आर्थिक संसाधनों को बढ़ाने की दृष्टि से पर्यटन एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है । उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए सड़क अधोसंरचना का विकसित होना भी सबसे आवश्यक है । साथ में उन्होंने यह भी कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक, साहसिक और इको पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन्हें विकसित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जा रही है ।
उन्होंने फगोट स्कूल के भवन निर्माण को लेकर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान को लेकर अवाणी- चेहली पेयजल योजना के निर्माण पर 38 लाख की धनराशि व्यय की जा रही है ।
बड़द्रमण गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बनोली गाँव को जल्द सड़क सुविधा से जोड़कर लोगों की चिर लंबित मांग को पूरा कर दिया जाएगा ।
उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि एक निश्चित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य को पुरा कर लिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर टोहणी – तुलेल उठाऊ सिंचाई योजना को जल्द कार्यशील करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए।
हिन्दुस्थान समाचार/सोमी /सुनील
[ad_2]